Follow Us on Our Social Media
Uncategorized

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, अगले 7 दिन मध्यम से भारी बारिश के आसार; कई जिलों में यलो अलर्ट

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन माह के अंत तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले सात दिनों तक मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश और उसके आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा मानसून द्रोणिका अमृतसर, मुजफ्फरनगर, कानपुर, निम्न दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। उत्तरी ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण भी सक्रिय है। मानसून की अनुकूल सक्रियता के चलते प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है।

रायपुर में बदला मौसम का मिजाज

राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह से मौसम बदला हुआ नजर आया। आसमान में काले बादल छाए रहे और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने 22 अगस्त को रायपुर में सामान्यतः बादल छाए रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में राजपुर और बिहारपुर में 4-4 सेमी, डोंगरगढ़ में 3 सेमी तथा जनकपुर-भरतपुर और दुर्ग में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रेंगाखार कला, सारागांव, राजनांदगांव, साल्हेवारा, प्रेमनगर, पिपरिया, कोटाडोल, भैरमगढ़, गीदम, खरोरा, पसान, चांपा, केल्हारी, मोहला और घुमका में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

10 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में गरज-चमक के साथ बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

तापमान की स्थिति

पिछले 24 घंटे में जगदलपुर में 31.1 डिग्री सेल्सियस प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में 21.6 डिग्री सेल्सियस सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button