Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद

छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, रायपुर में जलभराव से जनजीवन प्रभावित

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों के लिए भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज अंधड़ का अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

राजधानी रायपुर में मूसलाधार बारिश के बाद कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नगर निगम के जल निकासी दावों की भी पोल खुलती नजर आई।

भामाशाह छात्रावास टिकरापारा, संतोषी नगर, बोरियाखुर्द मार्ग, माना, शास्त्री बाजार, प्रोफेसर कॉलोनी, तेलघानी नाका अंडरब्रिज, स्टेशन रोड और रिंग रोड-1 समेत कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और कोरबा जिलों के लिए 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बस्तर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा का दौर जारी रहेगा। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button