Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़महासमुंद

सांकरा: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, चालक पर मामला दर्ज

Follow Us on Our Social Media

सांकरा। थाना सांकरा क्षेत्र में सड़क हादसे में 76 वर्षीय साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक लारीपुर से अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मायाधर प्रधान पिता पुरुषोत्तम प्रधान, उम्र 76 वर्ष, ग्राम छोटे ओनकी, थाना झारबंद, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के निवासी थे।

15 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे वे अपने घर से काम के सिलसिले में लारीपुर गए थे। काम पूरा करने के बाद साइकिल से वापस लौटते समय लारीपुर के आगे बरगद पेड़ के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GJ 5970 के चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद मायाधर प्रधान साइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और खून निकलने लगा।

सूचना मिलने पर उन्हें डायल 112 की मदद से उपचार के लिए बसना स्थित अग्रवाल नर्सिंग होम ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के परिजनों एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। मर्ग जांच में मोटरसाइकिल चालक की तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से दुर्घटना होना पाए जाने पर उसके विरुद्ध धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button