स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा आक्रोश: बसना में कांग्रेस ने खोला मोर्चा, पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर के नेतृत्व में चला हस्ताक्षर अभियान

बसना। छत्तीसगढ़ में बिजली के नए स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर विरोध की आग अब ग्रामीण अंचलों तक पहुंच गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान और जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बसना ने मंगलवार को स्मार्ट मीटर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
बसना के पूर्व विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में ग्राम गौरटेक और संकरी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान स्मार्ट मीटर को जनविरोधी बताते हुए इसे तत्काल हटाने और पुराने मीटरों को यथावत रखने की मांग को लेकर व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर अपनी सहमति जताई।
उपभोक्ताओं की आशंकाओं को दरकिनार कर जबरन लगाए जा रहे मीटर: पूर्व विधायक
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि बिजली आज के समय में आम आदमी की बुनियादी जरूरत है।
ऐसे में बिजली व्यवस्था में कोई भी बदलाव उपभोक्ताओं के हित और उनकी सुविधा को प्राथमिकता में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिना पर्याप्त जानकारी दिए और ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किए बगैर जबरन स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं, जिसे लेकर उपभोक्ताओं के मन में भारी असमंजस और डर है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार को उपभोक्ताओं की आपत्तियों को गंभीरता से सुनना चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनता की इस आवाज को किसी भी कीमत पर दबने नहीं देगी और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
हस्ताक्षर अभियान में उमड़ा ग्रामीणों का समर्थन
गौरटेक और संकरी में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का गुस्सा साफ नजर आया। ग्रामीणों ने कांग्रेस नेताओं के समक्ष अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिलों में अनपेक्षित बढ़ोतरी और तकनीकी खामियों की चिंता बनी हुई है। हस्ताक्षर अभियान में सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर पुनः लगाए जाने की मांग पर मुहर लगाई।
वरिष्ठ कांग्रेसी और ग्रामीण रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बसना के अध्यक्ष विजय साहू, मंजीत सिंह सलूजा, इस्तियाक खेरानी, तनवीर सईद, राधेश्याम नायक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं दोनों गांवों के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



