Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे तक सक्रिय रह सकता है। मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि सरगुजा को छोड़कर सभी संभागों के कुछ इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य के करीब है और इसमें करीब 2 प्रतिशत का ही अंतर है।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 अगस्त को झारखंड और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी प्रभावी है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बड़े बचेली में सर्वाधिक 17 सेमी वर्षा हुई। इसके बाद ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी, जबकि कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी वर्षा हुई।

तापमान की बात करें तो मंगलवार को दुर्ग में 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में 22.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button