Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

नशामुक्ति पदयात्रा में CM साय का संदेश, स्वस्थ युवा बनाएंगे विकसित छत्तीसगढ़

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। राजधानी रायपुर में आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय शामिल हुए। देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया। पदयात्रा के जरिए नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

पदयात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री श्री साय ने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

युवाओं को सकारात्मक दिशा देना जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाएंगे तो छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसरों के विस्तार पर काम कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत पदयात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा है। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार तथा रोजगार के अवसरों के विस्तार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने प्रदेश में निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नई औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे।

जनभागीदारी से ही अभियान बनेगा सफल

मुख्यमंत्री ने विधायक श्री पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों पर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनभागीदारी भी जरूरी है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति के संदेश को परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button