Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

रायगढ़ में 350 दिव्यांगजनों को मिले 60 लाख के सहायक उपकरण, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

Follow Us on Our Social Media

रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है।

हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, एडजस्टेबल स्टिक, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर और विभिन्न प्रकार के क्रच सहित अन्य उपकरण दिए गए। हितग्राहियों का चयन पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय शिविर के माध्यम से किया गया था।

सहायक उपकरण आत्मनिर्भरता का माध्यम

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के मुताबिक उपकरण देना महज सामग्री वितरण नहीं, बल्कि उन्हें दैनिक जीवन में अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग है। ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और ब्रेल किट जैसे उपकरण आवागमन, शिक्षा और रोजमर्रा के कामों में मददगार होंगे।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से बचने की सलाह

ओपी चौधरी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति का संदेश केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है।

कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया और उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की ओर बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी और गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वित्त मंत्री ने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान और संवाद का उपयोगी माध्यम है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। युवाओं को रील्स और सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने के बजाय पढ़ाई, खेल और कौशल विकास पर ध्यान देना चाहिए।

स्थायी मंच बनाने की घोषणा

वित्त मंत्री ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने अधिकारियों को पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच विकसित करने के निर्देश दिए, जिसका उपयोग विभिन्न कार्यक्रमों के लिए किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने युवाओं से फास्ट फूड से बचने, पौष्टिक भोजन लेने और नियमित योग-व्यायाम के साथ व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने की अपील की। साथ ही स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

350 हितग्राहियों को मिली सहायता

कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। चार हितग्राहियों अमृता मालाकार, पुष्पा नायक, ईश्वर चौहान और विशाल नागवंशी को यूडीआईडी प्रमाण-पत्र भी दिए गए।

राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को सहायता उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयास भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। महापौर जीवर्धन चौहान ने भी नशे के सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही मौजूद रहे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button