Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़देश दुनियां
Trending

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की हरित विकास की पहल, गार्डन्स बाय द बे से सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा

Follow Us on Our Social Media

रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में शामिल होने सिंगापुर पहुंचा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद प्रतिनिधिमंडल को इस आयोजन में सहभागिता का अवसर मिला है।

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ, डायरेक्टर लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संस्थान की मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली गई।

नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन में मिल सकता है सिंगापुर का अनुभव

बैठक में उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संभावित संस्थागत सहयोग पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन और जैव विविधता वाला राज्य है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभव का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हरित विकास की इन पहलों से पर्यटन को विस्तार मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं।

लीडरशिप डिनर में निवेश पर संवाद

मुख्यमंत्री साय ने SING फोरम की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, SBF के चेयरमैन मार्क ली और सीईओ कोक पिंग सून सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिनर में मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ और हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल ने सहभागिता की। आयोजन में निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करते हुए राज्य की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी पर चर्चा करेंगे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button