5 अक्टूबर को महासमुंद के पांच गांवों में लगेगा ‘सेवा सेतु’ शिविर, 26 योजनाओं की मिलेगी जानकारी

महासमुंद। सेवा, सुशासन और संतुष्टि के संकल्प के साथ जिला प्रशासन महासमुंद द्वारा ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 5 अक्टूबर को जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
अभियान के तहत केंद्र और राज्य सरकार की 26 योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। शिविरों में योजनाओं के हितग्राहियों और लाभान्वित नागरिकों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को आवास, स्वच्छ जल, खाद्य सुरक्षा एवं पोषण, शिक्षा एवं कौशल विकास, स्वास्थ्य सुविधा तथा रोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इन गांवों में होंगे शिविर
5 अक्टूबर को महासमुंद विकासखंड के ग्राम तोरला, बागबाहरा विकासखंड के ग्राम कसेकेरा, पिथौरा विकासखंड के ग्राम भोकुलडीह, बसना विकासखंड के ग्राम बिछिया एस और सरायपाली विकासखंड के ग्राम बलोदा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने अभियान को ‘आपके साथ सरकार’ की भावना से जोड़ते हुए नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया है।
शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।



