हाइवा की चपेट में आई एक्टिवा, नाबालिग की मौत, दो घायल
अभनपुर। अभनपुर में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य नाबालिग घायल हो गए। हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र में शुभम मार्ट के सामने हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीन नाबालिग एक ही एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे हाइवा को आगे निकलने की कोशिश की। इसी दौरान एक्टिवा अनियंत्रित होकर हाइवा की चपेट में आ गई। हादसे में एक्टिवा सवार कृष्ण कुमार साहू हाइवा के पहिए के नीचे आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में उसके साथ एक्टिवा पर सवार दो अन्य नाबालिग भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने हाइवा जब्त किया, चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है।
हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
एक ही एक्टिवा पर सवार थे तीन नाबालिग
हादसे के बाद नाबालिगों के वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों नाबालिग एक ही एक्टिवा पर सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



