सिंगापुर में छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, 43,250 करोड़ के FDI निवेश प्रस्ताव मिले

रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। सिंगापुर में आयोजित प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में राज्य को कुल 43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं प्राप्त हुई हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव ₹41,750 करोड़ के एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस की स्थापना से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फोरम में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर आयोजित इस फोरम में राज्य ने निवेश और औद्योगिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने मजबूती से रखा।
100 मेगावाट का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस
सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े एआई-रेडी डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में कार्य करती है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने फोरम के दौरान कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा। कंपनी के सीईओ श्री स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवश्यक ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। कंपनी मध्य भारत का बड़ा एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के साथ राज्य के इंजीनियरों को प्रशिक्षण देने की दिशा में भी काम करेगी।
सोलर और बैटरी स्टोरेज में भी ₹1,500 करोड़ का प्रस्ताव
छत्तीसगढ़ को सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और संबंधित कंपोनेंट्स के क्षेत्र में ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव भी मिले हैं। इन निवेशों से राज्य में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
राज्य में पहले से भारत का पहला एआई डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। नए प्रस्तावों के साथ छत्तीसगढ़ डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के उभरते केंद्र के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
CM साय बोले- निवेश छत्तीसगढ़ पर भरोसे का प्रमाण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और यहां के लोगों के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे तथा राज्य को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
फोरम में मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों से सीधे उनकी समस्याएं जानकर व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार अब तक 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और सुधार की यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को केवल 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में होंगे शामिल
सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग फोरम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, आईएचसीएल (ताज होटल्स) और नेस्ले सहित कई वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
फोरम से इतर मुख्यमंत्री श्री साय ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इनमें अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके जरिए राज्य में निवेश की इस नई गति को आगे बढ़ाने पर जोर रहेगा।



