गरियाबंद में 45 लाख से ज्यादा का गांजा जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग दो मामलों में 45 लाख 79 हजार 600 रुपए कीमत का 91.592 किलो गांजा जब्त किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसपी वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर की गई।
बस की डिक्की से मिला 33.92 लाख का गांजा
गरियाबंद थाना पुलिस को 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि महेश बस क्रमांक CG 04 EA 0634 से गांजे का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने बस स्टैंड में बस की तलाशी ली। इस दौरान डिक्की से 5 जूट की बोरियों में रखे 7 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 67.842 किलो गांजा मिला। इसकी कीमत 33 लाख 92 हजार 100 रुपए आंकी गई।
पुलिस ने मामले में शमसुद्दीन (41), निवासी माचा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) और आषोक यदू (32), निवासी टिकरापारा देवभोग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने गांजा भजन धुरवा (35), निवासी दरलीपारा, देवभोग से खरीदना बताया। इसके बाद पुलिस ने भजन धुरवा को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा 137.300 किलो चावल, बस, ऑटो और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
बस यात्री के पास 11.87 लाख का गांजा
दूसरी कार्रवाई मैनपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि देवभोग-रायपुर बस में सवार एक यात्री गांजा लेकर रायपुर जा रहा है। टीम ने शारदा बस को रोककर संदिग्ध यात्री से पूछताछ की। उसकी पहचान दामोदर मेहेर (40), निवासी नकटीगुड़ा, जिला कालाहांडी, ओडिशा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके सामान में रखे नीले-सफेद कार्टन और थर्माकोल आइस बॉक्स से दो पैकेट में 23.750 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 11 लाख 87 हजार 500 रुपए बताई गई। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।



