रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, युवाओं को मिलेंगे नौकरी के अवसर

रायपुर, 6 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में निजी क्षेत्र की कंपनियों और संस्थानों में उपलब्ध नौकरियों की जानकारी युवाओं को दी जाएगी।
मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
रोजगार मेले के जरिए युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप नियोजन के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी के साथ कंपनियों से सीधे जुड़ने का मौका भी मिलेगा।
रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।



