बलौदाबाजार में मंत्री टंक राम वर्मा ने थामी झाड़ू, षष्ठी मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान

बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के नेतृत्व में ऐतिहासिक षष्ठी मंदिर परिसर और आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान में मंत्री वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ स्वयं झाड़ू थामी। उन्होंने परिसर व सड़कों पर फैले कचरे को साफ कर डस्टबिन में डाला। मंत्री की इस पहल ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस दौरान मंत्री वर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि ऐसी आदत है जो धीरे-धीरे संस्कार बनती है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में कलेक्टर, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, नगर पालिका उपाध्यक्ष, विभिन्न वार्डों के पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिकों ने श्रमदान किया।



