खेलों से ताकत ही नहीं, अनुशासन और करियर भी मिलता है: राज्यपाल रमेन डेका

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, टीमवर्क, खेल भावना और करियर की नई राह भी मिलती है।
उन्होंने कहा कि नियमित खेल से शरीर स्वस्थ और सक्रिय रहता है तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
राज्यपाल बुधवार को नवभारत परिवार द्वारा आयोजित 17वीं अखिल भारतीय फुटबॉल एवं जिला स्तरीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबला देखा और विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अखिल भारतीय प्रतियोगिता के फाइनल में तमिलनाडु पुलिस ने दल्लीराजहरा माइंस को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल भरनी ने नवीन पिछड़ा वर्ग क्रीड़ा परिसर को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
हार से सीखकर फिर मैदान में उतरें
राज्यपाल डेका ने खिलाड़ियों से कहा कि फुटबॉल हमें लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभाने की सीख देता है। एक-दूसरे का साथ देना, नियमों का सम्मान करना और आखिरी मिनट तक प्रयास करते रहना जीवन के हर क्षेत्र में उपयोगी गुण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल का आनंद लेने, लगातार मेहनत करने और हार से सीख लेकर फिर मैदान में उतरने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इन्हीं प्रतियोगिताओं से प्रतिभाएं आगे निकलकर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। जिला और राज्य स्तरीय मुकाबलों से खिलाड़ियों को अनुभव मिलता है, जबकि अखिल भारतीय प्रतियोगिताओं में अलग-अलग राज्यों की टीमों के साथ खेलने से खेल का स्तर और तैयारी दोनों बेहतर होती है।
समापन समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी दर्शक मौजूद रहे।



