
मुंबई। गुरुवार को शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद बाजार ने मजबूती के साथ वापसी की।
सेंसेक्स 440 अंक यानी करीब 0.56 फीसदी चढ़कर 79,555 पर कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी 160 अंक यानी 0.65 फीसदी बढ़कर 24,640 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी बैंक भी करीब 220 अंक की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया।
बीएसई के टॉप 30 शेयरों में से 16 शेयरों में तेजी और 14 में गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा दबाव हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिला। दूसरी ओर रिलायंस के शेयर करीब 3 फीसदी, एनटीपीसी में 2.40 फीसदी और टाटा स्टील में करीब 2 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले तीन दिनों में बाजार में भारी गिरावट के कारण निवेशकों की करीब 22 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू कम हो गई थी। ऐसे में निचले स्तर पर निवेशकों ने लार्जकैप और मजबूत कंपनियों के शेयरों में खरीदारी शुरू की, जिससे बाजार को सहारा मिला।
वैश्विक बाजारों का भी सकारात्मक असर देखने को मिला। एशियाई बाजारों में जापान के शेयर बाजार में करीब 2.5 फीसदी की तेजी आई, जबकि दक्षिण कोरिया के बाजार में 10 फीसदी से अधिक उछाल दर्ज की गई। इसी बीच डॉलर के मुकाबले रुपया 51 पैसे मजबूत होकर 91.54 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
इंडिया VIX यानी बाजार की अस्थिरता का सूचकांक करीब 10 फीसदी गिरकर 19.04 पर आ गया है, जो निवेशकों के घटते डर को दर्शाता है। सेक्टरवार बात करें तो एफएमसीजी, आईटी और टेलीकॉम को छोड़कर बाकी अधिकांश सेक्टरों में तेजी रही। ऑयल एंड गैस सेक्टर में 3.30 फीसदी और निफ्टी फार्मा में करीब 1 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जबकि ऑटो, बैंक और फाइनेंस सेक्टर भी मजबूती के साथ कारोबार करते दिखे।



