
रायपुर। Raipur के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। करीब एक दशक बाद राजधानी में फिर से Indian Premier League के मुकाबले आयोजित होने की तैयारी चल रही है। नवा रायपुर स्थित Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में Royal Challengers Bengaluru के दो मैच कराने की योजना बनाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार इन मुकाबलों को और रोमांचक बनाने के लिए आरसीबी अपने मैच Chennai Super Kings और Mumbai Indians के खिलाफ कराने की तैयारी में है। ऐसा होने पर दर्शकों को एक ही मैदान पर Virat Kohli, MS Dhoni और Rohit Sharma जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका मिल सकता है।
संभावित मैचों को देखते हुए स्टेडियम में सुविधाओं को उन्नत करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। वीआईपी गैलरी को आधुनिक बनाने के साथ बड़ी स्क्रीन में बदलाव किया जाएगा, ताकि दर्शकों को मैच का बेहतर अनुभव मिल सके।
इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर श्रेणी की सीटों को अधिक लग्जरी बनाने का प्रस्ताव है। अपर गैलरी में लगी दोनों स्क्रीन हटाने की योजना है, जिससे करीब 1500 अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था हो सकेगी। नई जगह पर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनसे दर्शक मैच के रोमांचक पलों को स्लो मोशन में देख सकेंगे।
स्टेडियम के प्लेटिनम बॉक्स में लगे ग्लास बदलने की भी सिफारिश की गई है। करीब 700 दर्शक क्षमता वाले इस बॉक्स को वीवीआईपी मेहमानों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा। साथ ही टीमों की प्रैक्टिस के लिए स्टेडियम के बाहर अलग पिच भी तैयार की जाएगी।
करीब 50 हजार से अधिक दर्शक क्षमता वाले इस स्टेडियम में मैच आयोजन को लेकर फ्रेंचाइजी ने यहां की सुविधाओं और रायपुर के स्टार होटलों का भी सर्वे किया है। यदि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो जाती हैं, तो रायपुर में लंबे इंतजार के बाद आईपीएल के हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।



