देवभोग पुलिस का ‘ऑपरेशन महुआ’: 48 घंटे में तीन ताबड़तोड़ छापे, 80 लीटर अवैध शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

गरियाबंद | देवभोग थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि महज 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क को झटका दे दिया। डोंगरीगुड़ा मार्ग से लेकर ओडिशा सीमा से लगे खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट तक चले अभियान में पुलिस ने 80 लीटर अवैध महुआ शराब, दो मोटरसाइकिल जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 56 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 और 13 जुलाई को देवभोग पुलिस लगातार गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना ने पुलिस को तीन बड़ी सफलताएं दिलाईं।पहली कार्रवाई में ग्राम इरागांव निवासी नारायण कुमार ध्रुव के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। कुछ ही देर बाद दूसरी कार्रवाई में भुवेन्द्र पाथर को मोटरसाइकिल पर शराब की खेप ले जाते हुए दबोच लिया गया। उसके पास से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई।अभियान की सबसे बड़ी सफलता अंतर्राज्यीय खुटगांव चेक पोस्ट पर मिली, जहां ओडिशा से शराब की खेप लेकर आ रहे अरविन्द यादव को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास से ‘लाल घोड़ा’ ब्रांड के 250 पाउच (50 लीटर) महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।तीनों आरोपियों के पास शराब के परिवहन या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस ने शराब और वाहनों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम, 2002 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी।देवभोग पुलिस का कहना है कि ओडिशा सीमा से होने वाली अवैध शराब तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी सीमा क्षेत्रों और संवेदनशील मार्गों पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


