
तुमगांव /महासमुंद। थाना तुमगांव क्षेत्र के ग्राम अछरीडीह में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी की हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पति ने विवाद के दौरान अपनी पत्नी का गला दबा दिया। इसके बाद उसे मृत समझकर आरोपी ने खुद डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात करीब 3:29 बजे डायल 112 वाहन में इवेंट आईडी 704906 के जरिए सूचना मिली कि ग्राम अछरीडीह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस को कुमारी उर्फ जागेश्वरी यादव पति रंजित चेलक, उम्र 23 वर्ष घर में बेहोशी की हालत में मिली। वहीं उसका पति रंजित चेलक पिता गणेश चेलक, उम्र 30 वर्ष, कथित तौर पर अत्यधिक नशे में था। दोनों को तत्काल डायल 112 वाहन से उपचार के लिए सीएचसी तुमगांव रवाना किया गया।
पुलिस के मुताबिक, रास्ते में पूछताछ के दौरान रंजित चेलक ने बताया कि उसका और उसकी पत्नी का आए दिन विवाद होता रहता था। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह काम से घर लौटा और खाना खाने के बाद सो गया। इसके बाद 21 अगस्त की रात करीब 2 बजे दोनों उठे और घर में रखी शराब साथ में पी।
शराब पीने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद से तंग आकर रंजित चेलक ने पत्नी की हत्या करने की नीयत से उसका गला दबा दिया। इसके बाद पत्नी को मृत समझकर उसने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी।
घटना की सूचना आरक्षक क्रमांक 925 भुनेश्वर सोनवानी द्वारा पुलिस को दी गई। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




