Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

कोमाखान रेलवे स्टेशन पर 11.420 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद/कोमाखान। कोमाखान पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से 11.420 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 71 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को सउनि सिकंदर भोई हमराह स्टाफ के साथ क्षेत्र में जुर्म जरायम पतासाजी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कोमाखान रेलवे स्टेशन पर तीन व्यक्ति दो बैग में अवैध गांजा रखकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर रेलवे स्टेशन कोमाखान में घेराबंदी की। मौके से तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान आयुष यादव (20), निवासी पथरिया, जिला मुंगेली, राहुल साहू (25), निवासी पौंसरी, थाना पथरिया, जिला मुंगेली तथा 17 वर्षीय बिसु धुरी, निवासी पथरिया, जिला मुंगेली के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान एक नीले रंग के पिठ्ठू बैग से 6.560 किलोग्राम और एक काले रंग के पिठ्ठू बैग से 4.860 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों बैगों से कुल 11.420 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने गांजे को सीलबंद कर कब्जे में लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल साहू के कब्जे से Google Pixel 7a मोबाइल फोन और Realme कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया। दोनों मोबाइल की कुल कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। गांजा और मोबाइल समेत जब्त मशरूका की कुल कीमत 6 लाख 31 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के रामपुर से पथरिया, मुंगेली ले जाया जा रहा था। बरामद मादक पदार्थ के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं मिली।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 20(B)(II)(B) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। आयुष यादव और राहुल साहू को गिरफ्तार किया गया, जबकि 17 वर्षीय आरोपी को विधि के अनुसार अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस के मुताबिक प्रकरण अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई।

कार्रवाई में सउनि सिकंदर भोई के साथ आरक्षक 882, 520, 510, 169 और 193 सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button