दुर्ग। भिलाई के घासीदास नगर वार्ड-23 स्थित हमर क्लीनिक में 32 वर्षीय नर्स ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव अस्पताल परिसर के स्टाफ रूम में मिला। मृतका की पहचान नेहा महिलांग के रूप में हुई है। वह पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लीनिक में कार्यरत थी और करीब एक साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, रविवार को नेहा के पति ने कमरे में उसे फांसी के फंदे पर लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मृतका के पति और हमर क्लीनिक में काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने नेहा के मोबाइल फोन की भी जांच शुरू की है। कॉल डिटेल और अन्य जानकारी के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से पहले उसकी किन लोगों से बातचीत हुई थी।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। नेहा ने यह कदम क्यों उठाया, क्या वह किसी मानसिक तनाव में थी या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।