
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक नाली में फंसी स्कॉर्पियो कार से लोगों ने करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह महासमुंद पासिंग व्हाइट स्कॉर्पियो (CG 06 HE 9900) मोहल्ले की नाली में फंस गई। कार के नाली में फंसने के बाद चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। चालक की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो समेत गांजे को जब्त कर लिया।
ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी पहचान और तलाश के लिए पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
राजधानी में नशीले पदार्थों की खेप पहुंचने पर सवाल
इस घटना के बाद राजधानी में पुलिस की चेकिंग और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल यह भी है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा लेकर वाहन रायपुर तक कैसे पहुंच गया? क्या रास्ते में कहीं वाहन की जांच नहीं हुई? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के बाद गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।






