बसना। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बसना पुलिस ने ग्राम अखराभाटा में 35 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 7 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अखराभाटा मोड़ के पास जागेश्वर मिरी (35), निवासी गढ़फुलझर, शराब बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरी से 7 पैकेटों में रखी महुआ शराब बरामद हुई। माप करने पर कुल मात्रा 35 लीटर निकली। पूछताछ में आरोपी शराब रखने या बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।