आंगनबाड़ी केंद्र के पास गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार, युवक गिरफ्तार

गरियाबंद। छुरा थाना पुलिस ने ग्राम गादीकोट में गांजा बिक्री की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 296 ग्राम गांजा, मोबाइल और नकदी समेत 18,500 रुपए का सामान जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को पुलिस टीम देहात भ्रमण के दौरान अपराध एवं संदिग्ध गतिविधियों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गादीकोट के आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम डकेश्वर साहू (40), निवासी गादीकोट, थाना छुरा बताया। तलाशी की कार्रवाई से पहले पुलिस ने नियमानुसार उसे मजिस्ट्रेट, राजपत्रित अधिकारी अथवा पुलिस अधिकारी के समक्ष तलाशी कराने का विकल्प दिया।
उसकी सहमति के बाद तलाशी लेने पर पीला-नीला पट्टेदार झोला मिला। इसके अंदर पारदर्शी प्लास्टिक में मादक पदार्थ बरामद हुआ।
जांच किट से परीक्षण करने पर पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर मात्रा 0.296 किलोग्राम निकली, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए आंकी गई। इसके अलावा आईटेल कंपनी का पुराना टच स्क्रीन मोबाइल 3 हजार रुपए और 500 रुपए नकद बरामद हुए।
पुलिस ने कुल 18,500 रुपए की संपत्ति जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत कार्रवाई की है।



