गढ़फुलझर-तोषगांव रोड पर शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बसना। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बसना पुलिस ने ग्राम गढ़फुलझर से तोषगांव मार्ग पर एक युवक को अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 24 सितंबर को प्रधान आरक्षक डोलामणी भोई हमराह स्टाफ के साथ टाउन एवं देहात क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए रवाना हुए थे।
इसी दौरान बंसुला चौक के पास मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़फुलझर से तोषगांव जाने वाले मार्ग के किनारे एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
मुखबिर की सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विद्याधर रात्रे, उम्र 30 वर्ष, निवासी तोषगांव, थाना बसना बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक झोले में रखा 10 लीटर क्षमता का प्लास्टिक जरिकेन मिला। इसमें करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब भरी हुई थी। पुलिस ने शराब रखने और बिक्री के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को 24 सितंबर की रात करीब 9 बजे गिरफ्तार कर लिया। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।



