Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

पिथौरा:- हाईवे किनारे खड़े ट्रक में लगी आग, पास से गुजर रहा दूसरा ट्रक भी चपेट में आया

Follow Us on Our Social Media

पिथौरा। पिथौरा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाखागढ़ के पास रविवार को दो ट्रकों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान एक ट्रक के चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के मुताबिक, चावल से भरा एक ट्रक खराब होने के कारण लाखागढ़ के पास हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान पिथौरा की ओर से सरायपाली जा रहा दूसरा ट्रक वहां पहुंचा। इस वाहन में दोना-पत्तल के साथ राशन सामग्री लदी हुई थी। बताया जा रहा है कि खड़े ट्रक के पास पहुंचते ही दूसरे वाहन के इंजन में अचानक आग भड़क उठी।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा ट्रक लपटों से घिर गया। इसके बाद आग की लपटें पास खड़े चावल लदे ट्रक तक पहुंच गईं और वह भी आग की चपेट में आ गया। दोनों वाहनों से उठती लपटों के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

तीन जगहों से पहुंची दमकल, घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग

दो ट्रकों में आग लगने की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद, बागबाहरा और सरायपाली से दमकल वाहनों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों ट्रक बुरी तरह जल चुके थे।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस शॉर्ट सर्किट, तकनीकी खराबी सहित अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने की सही वजह सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button