धमतरी में सड़कों की बदलेगी तस्वीर, 6 परियोजनाओं के लिए 101 करोड़ से ज्यादा की निविदा मंजूर

रायपुर, 6 अक्टूबर। बरसात के बाद सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार ने धमतरी जिले में 6 महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदाएं मंजूर की हैं। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
स्वीकृत कार्यों में पांच मार्गों का चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और डामरीकरण शामिल है। इनमें मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया मार्ग, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा सड़क, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर तथा अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा मार्ग प्रमुख हैं।
इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है। आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण पर 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए खर्च होंगे।
मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यों को सबलेट नहीं करने, पॉवर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं करने तथा अनुबंध की शर्तों के अनुसार काम पूरा कराने को कहा है।



