मुरधुनी नाला के पास लावारिस मिली अर्टिगा, तलाशी में निकला 63.9 किलो गांजा

गरियाबंद में तस्करी का बड़ा मामला, 41.50 लाख का मशरूका जब्त; फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
मैनपुर। नेशनल हाईवे-130C पर मुरधुनी नाला के पास लावारिस हालत में खड़ी एक क्षतिग्रस्त अर्टिगा कार से गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। बिंद्रानवागढ़ चौकी पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 63.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजे और कार समेत जब्त मशरूका की कुल कीमत 41.50 लाख रुपये आंकी गई है।
15 पैकेट में छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मुरधुनी नाला के पास भूरे रंग की अर्टिगा कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को वाहन का दरवाजा खुला मिला, जबकि चालक फरार था। तलाशी लेने पर दो सफेद प्लास्टिक बोरियों में भूरे सेलो टेप से लिपटे 15 पैकेट मिले, जिनमें कुल 63.900 किलो गांजा था।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की आशंका
पुलिस के अनुसार, गांजे को ओडिशा से गरियाबंद के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की साजिश थी। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 31.50 लाख रुपये और अर्टिगा कार की कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है।
फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस ने गांजा, कार और वाहन दस्तावेज जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया है। वाहन के पंजीयन विवरण के आधार पर वाहन स्वामी और फरार चालक की पतासाजी की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण कुमार उके के निर्देशन में ऑपरेशन निश्चय अभियान के तहत की गई।


