Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

कवर्धा में 108 शिक्षकों का सम्मान, विजय शर्मा ने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

Follow Us on Our Social Media

कवर्धा, 6 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह आयोजित हुआ।

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे।

शर्मा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को दिशा देते हैं। गुरुजनों से मिले ज्ञान और संस्कार जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं।

अपने शिक्षकों का किया सम्मान

समारोह में भावुक क्षण तब आया, जब विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरु जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव और एम.के. गुप्ता को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

शर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक पढ़ाई की। स्कूल में पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों से मिली सीख आज भी उनके जीवन में उपयोगी है।

84 स्कूलों में स्मार्ट क्लास, 50 में सुविधा शुरू

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें 50 विद्यालयों में सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि 34 में जल्द व्यवस्था पूरी होगी।

7,500 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण देने के लिए प्रदेश के 7,500 स्कूलों में बालिका शौचालय बनाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक विद्यालय में यह सुविधा उपलब्ध कराना है।

मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू

जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में इस वर्ष 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है। सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन यहां दाखिला लेने वाले पहले विद्यार्थी बने हैं। शर्मा ने इसे क्षेत्र के युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा की नई राह बताया।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button