अवैध कटाई पर कार्रवाई: टाइगर रिजर्व क्षेत्र से आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

मैनपुर: उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के तौरेंगा बफर क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध कटाई के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।वन विभाग की टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर गौरगांव सर्कल के चिपरी सुरक्षित वन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी को अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करते पकड़ा। आरोपी की पहचान सोनूराम (65), निवासी नवरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई है।विभाग के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 और वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे 4 मई को गरियाबंद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।इस कार्रवाई में केजू राम कोरचे (वनपरिक्षेत्राधिकारी, तौरेंगा बफर), नितेश कुमार सारथी (वनपाल सहायक परिक्षेत्राधिकारी, गौरगांव), दानेश्वर कुमार ठाकुर (वनरक्षक), चिराग साहू (वनरक्षक), मुकेश कुमार सिन्हा (पेट्रोलिंग श्रमिक) और मोतीलाल डोंगरे (पेट्रोलिंग श्रमिक) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।उपनिदेशक वरुण जैन ने कहा कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध कटाई, अतिक्रमण और वन्यजीव शिकार पर सख्त प्रतिबंध है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


