अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

तंत्र-मंत्र के नाम पर 85 लाख की ठगी, महिला को जिन्न-प्रेत का डर दिखाकर ऐंठी रकम

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर एक 62 वर्षीय महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला और उसके बेटे की घरेलू परेशानियां दूर करने, प्रेत बाधा खत्म करने और निवेश पर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर वर्षों तक अलग-अलग तरीकों से रकम ऐंठी।

पीड़िता संगीता कश्यप की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि नवंबर 2023 में रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ कराने वाले लोगों से जुड़ा बताते हुए घरेलू समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह लगातार फोन कर ग्रह दोष, जिन्न और प्रेत बाधा का भय दिखाकर पैसे मांगने लगा।

महिला का आरोप है कि आरोपी ने गुप्त पूजा-पाठ, दैवीय शक्तियों और भविष्य की अनहोनी का डर दिखाकर कई बार बड़ी रकम ली। इसी बीच महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई, जिसके बाद आरोपी ने इस घटना का हवाला देकर और अधिक पैसे ऐंठे। आरोपी ने शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच भी दिया, जिसके चलते महिला और उसके बेटे के खातों से अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर की गई।

शिकायत के अनुसार, जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने हाथ की नस काटने की तस्वीर व्हाट्सएप पर भेजी और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार बताया। इसके बाद भी उसने महिला से 7 लाख रुपये और ले लिए।

दुर्ग एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि पीड़िता द्वारा बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Back to top button