Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

गुजरात दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 10 और 11 नवंबर को दो दिवसीय गुजरात प्रवास पर रहेंगे। इस दौरे का उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और प्रशासनिक उत्कृष्टता के मॉडल्स को समझना है।

मुख्यमंत्री साय सोमवार सुबह 8 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर से प्रस्थान करेंगे और विशेष विमान से अहमदाबाद पहुंचेंगे, जहां से उनका कार्यक्रम गांधीनगर और केवड़िया तक रहेगा।

मुख्यमंत्री का पहला पड़ाव गांधीनगर में होगा, जहां वे गुजरात के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच राज्य विकास, निवेश नीति और प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा होगी। सुबह 11:15 बजे मुख्यमंत्री साय “सीएम डैशबोर्ड” और “जनशिकायत प्रणाली” पर प्रस्तुति देखेंगे — ये वो डिजिटल मॉडल हैं, जिनसे गुजरात सरकार रियल टाइम मॉनिटरिंग करती है। इसके बाद मुख्यमंत्री “इन्वेस्ट गुजरात” की नीतियों पर ब्रीफिंग लेंगे।

दोपहर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गांधीनगर स्थित NAMTECH, ग्लोबल स्किल कॉलेज का दौरा करेंगे। यहां वे स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में नवीन तकनीक और प्रशिक्षण मॉडल का अवलोकन करेंगे।

इसके बाद अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचकर विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और वहीं दोपहर का भोजन करेंगे। साय का सबसे खास पड़ाव शाम को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया रहेगा। यहां वे “भारत पर्व 2025” में शामिल होंगे और “एकता प्रकाश पर्व” का भी अवलोकन करेंगे।

मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम केवड़िया सर्किट हाउस में होगा।
मंगलवार 11 नवंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह केवड़िया से हेलीकॉप्टर द्वारा अहमदाबाद लौटेंगे। दिन के दूसरे सत्र में वे होटल हयात रीजेंसी, अहमदाबाद में आयोजित “छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट” कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का मकसद गुजरात के औद्योगिक घरानों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश के अवसरों से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री निवेशकों को राज्य की नई औद्योगिक नीति, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और अनुकूल परिवेश के बारे में जानकारी देंगे। साय का यह दौरा न केवल छत्तीसगढ़ और गुजरात के बीच औद्योगिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि राज्य के प्रशासनिक और तकनीकी नवाचारों में भी नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है। दौरे के अंत में वे मंगलवार रात 9 बजे रायपुर लौटेंगे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button