राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े 16 प्रकरणों पर समिति ने की समीक्षा, 9 मामलों में वापसी की अनुशंसा

रायपुर, 30 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री विजय शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी को लेकर प्रकरण वापसी समिति की बैठक हुई।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की गई।
बैठक में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े कुल 16 प्रकरणों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल थे। समीक्षा के बाद समिति ने 9 प्रकरणों में वापसी की अनुशंसा की, जबकि 2 मामलों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों में भेजने का निर्णय लिया गया। शेष प्रकरणों को राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति ने अस्वीकृत कर दिया।
लंबित मामलों की स्थिति की भी हुई समीक्षा
समिति ने पूर्व में अनुशंसित लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जानकारी अधिकारियों से ली। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से संबंधित मामलों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमों के अनुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने न्यायालयों में लंबित मामलों की भी नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें त्वरित गति से आगे बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, प्रमुख सचिव विधि मनीष ठाकुर, गृह सचिव नेहा चंपावत, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



