सेवा संकल्प यात्रा रायपुर पहुंची, सीएम साय ने किया बाइक राइडर्स का स्वागत; युवा संवाद में दिखी बस्तर की नई तस्वीर

रायपुर । राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने गुजरात के वडनगर से रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स और बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए बाइक राइडर्स का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम है। वडनगर से शुरू हुई यह यात्रा वाराणसी तक सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यात्रा के दौरान युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत डेढ़ करोड़ से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की भागीदारी ने अभियान के प्रति उत्साह को प्रदर्शित किया।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
बदलते बस्तर की तस्वीर युवाओं ने साझा की
युवा संवाद के दौरान बस्तर से रायपुर के विद्यालयों में अध्ययन कर रहे गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बस्तर में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अब नई पीढ़ी भविष्य को लेकर नए सपने देख रही है।
उन्होंने भारतीय सेना, सिविल सेवा, चिकित्सा और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश-प्रदेश की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की। मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई दे रहे सपने बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर हैं।
1200 युवा, करीब 2000 किलोमीटर की यात्रा
राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने बताया कि सेवा संकल्प यात्रा में करीब 1200 युवा लगभग 2000 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वच्छता, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, वी.डी. शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, किरण सिंहदेव, अनुज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, बाइक राइडर्स और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



