Follow Us on Our Social Media
Accidentअपराध / हादसामहासमुंद
Trending

झिटकी में तेंदुए का आतंक, एक ही परिवार के 6 लोगों पर हमला

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद, 4 अक्टूबर 2026। जिले के बागबाहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिटकी में रविवार देर रात तेंदुए ने एक ही परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को घर के अंदर ही बंद कर दिया और इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1 से 2 बजे के बीच ग्राम झिटकी में तेंदुआ घर में घुस गया। इस दौरान उसने परिवार के छह लोगों पर हमला कर दिया। हमले में सभी घायल हुए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय महासमुंद भेजा गया। चोट की गंभीरता को देखते हुए उत्तरी बाई, सुनीता यादव और मनीष यादव को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

रात से ही मौके पर डटी रही वन विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम रात से ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी। टीम ने आसपास सुरक्षा व्यवस्था कायम करते हुए लगातार निगरानी रखी। तेंदुए के घर के अंदर बंद होने के कारण रेस्क्यू टीम ने आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ अभियान चलाया।

रेस्क्यू के दौरान वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट टीम ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर अन्यत्र ले जाया गया।

सीसीएफ ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

मुख्य वन संरक्षक मणिवासगण एस. ने जिला अस्पताल महासमुंद पहुंचकर तेंदुए के हमले में घायल लोगों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली।

पूरी कार्रवाई वनमंत्री केदार कश्यप, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण पांडे तथा पीसीसीएफ (वन्यजीव) ओ.पी. यादव के निर्देशन में की गई। मौके पर वनमंडलाधिकारी महासमुंद श्रीनिवास तनेटी, उपवनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह, वन परिक्षेत्र अधिकारी बागबाहरा नवीन वर्मा सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

वन विभाग ने क्षेत्र में सतत निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और वन्यप्राणी दिखाई देने या उसकी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button