Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

दो दिनों से अंधेरे में डूबा गढ़फुलझर, पानी के लिए जनरेटर का सहारा

Follow Us on Our Social Media

गढ़फुलझर। विकास के दावों के बीच गढ़फुलझर ग्राम पंचायत इन दिनों गंभीर बिजली संकट से जूझ रही है। पिछले दो दिनों से पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भीषण गर्मी के बीच सबसे बड़ा संकट पेयजल का खड़ा हो गया है।

बिजली बंद होने से नल-जल योजना और निजी बोरवेल पूरी तरह बंद पड़े हैं। पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने आपस में चंदा एकत्र कर किराए पर डीजल जनरेटर मंगाया है।

जनरेटर की मदद से पानी निकालकर किसी तरह दैनिक जरूरतें पूरी की जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

वहीं मोबाइल फोन चार्ज करना भी बड़ी समस्या बन गया है। युवाओं ने पंचायत भवन के पास ट्रैक्टर बैटरी, वाहन अल्टरनेटर और छोटे सोलर पैनलों की मदद से अस्थायी चार्जिंग व्यवस्था तैयार की है, जहां लोग अपने मोबाइल चार्ज कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि गढ़फुलझर क्षेत्र की प्रमुख पंचायत है, जहां कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी रहते हैं। ऐसे में मुख्य पंचायत का यह हाल है तो आश्रित गांवों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे चक्काजाम और उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button