बसना में विश्व हिंदू परिषद का हित चिंतक अभियान शुरू, चार टोलियां बनाकर तय किया सदस्यता लक्ष्य

बसना। विश्व हिंदू परिषद द्वारा छत्तीसगढ़ प्रांत में 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक चलाए जा रहे हित चिंतक अभियान का बसना में भी शुभारंभ हो गया है।
अभियान के तहत संगठन से जुड़ने के इच्छुक लोगों को 20 रुपये का सहयोग लेकर हित चिंतक के रूप में सदस्य बनाया जा रहा है। अभियान को गति देने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने के लिए बसना नगर में चार अलग-अलग टोलियों का गठन किया गया है।
अभियान के मार्गदर्शन एवं कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका भारतीय सिंह ठाकुर दीदी का दो दिवसीय महासमुंद जिला प्रवास हुआ। 27 नवंबर को उन्होंने पूरे दिन सरायपाली प्रखंड में कार्यकर्ताओं को अभियान के संबंध में मार्गदर्शन दिया। इसके बाद शाम 5 बजे बसना के रामजानकी मंदिर में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारतीय सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को हित चिंतक अभियान के उद्देश्य, संगठन विस्तार और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ तीन बार ॐ के उच्चारण के साथ ब्रह्मनाद एवं विजय महामंत्र ‘श्रीराम, जय राम, जय जय राम’ से हुआ। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अभियान के तहत सदस्यता बढ़ाने के लिए अपने-अपने लक्ष्य निर्धारित किए।
चार टोलियां संभालेंगी सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी
बसना नगर में अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चार अलग-अलग टोलियां बनाई गई हैं। इन्हें पदमपुर रोड, जगदीशपुर रोड, वीर नारायण चौक से रायपुर रोड तथा सरायपाली रोड क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकर्ता इन क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों को अभियान की जानकारी देंगे और उन्हें संगठन से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील की गई कि विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी के कार्यकर्ता जब अभियान के तहत उनके घर पहुंचें तो उन्हें सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।
बैठक का समापन शांति पाठ एवं जयघोष के साथ हुआ। संगठन के कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समयावधि में अभियान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।



